संवैधानिक दायित्व नहीं, सिर्फ राजनीतिक जिम्मेदारी निभा रही कमलनाथ सरकार : रामेश्वर शर्मा
संवैधानिक दायित्व नहीं, सिर्फ राजनीतिक जिम्मेदारी निभा रही कमलनाथ सरकार : रामेश्वर शर्मा
भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ एक संवैधानिक पद पर पदस्थ हैं। ऐसे में उन्हें प्रदेश के हर नागरिक के साथ न्याय करके अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वाह करना चाहिए। लेकिन राजनीतिक बदले और भेदभाव की भावना से काम कर रही यह सरकार सिर्फ राजनीतिक तकाजों को ही निभा रही है। यह अंधी, बहरी असंवेदनशील सरकार मानती है कि प्रदेश में सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ही सम्मान से जीने का अधिकार है, बाकी किसी को नहीं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने रायसेन में एक कांग्रेस कार्यकर्ता को कथित रूप से थप्पड़ मारने पर बिजली कंपनी के एई को तत्काल निलंबित किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि रायसेन की यह घटना इस बात का प्रमाण है कि कमलनाथ सरकार किस हद तक राजनीतिक पूर्वाग्रहों से ग्रसित होकर काम कर रही है। विवाद कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने पर एई को निलंबित करने वाली इस सरकार को राजगढ़ कलेक्टर की बदसलूकी दिखाई नहीं देती। इस सरकार की नजर में कलेक्टर द्वारा शांतिपूर्ण रैली निकाल रहे लोगों के साथ बदसलूकी करना, उनकी बेइज्जती करना अपराध नहीं है। यही नहीं, बल्कि यही सरकार पुलिस के एक एएसआई को थप्पड़ मारने के मामले में दोषी पाई गई राजगढ़ कलेक्टर को क्लीन चिट देने के लिये इतनी आतुर हो जाती है कि पुलिस महानिदेशक की अनुशंसा को भी अनदेखा कर देती है और अनुशंसा करने वाले डीजीपी को ही हटाने की तैयारी शुरू कर देती है। कमलनाथ सरकार उसके इशारों पर काम करने वाली कलेक्टर पर लगे आरोपों पर लीपापोती के लिये दूसरी जांच कमेटी बनाती है, जो ऑडियो, वीडियो हर तरह के साक्ष्यों को नकारकर कलेक्टर को क्लीन चिट देती है। श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ को यह याद रखना चाहिए कि वे एक राज्य सरकार के संवैधानिक प्रमुख हैं और विधि सम्मत तरीके से राज्य का प्रशासन चलाना उनकी जिम्मेदारी है। वे किसी कार्पोरेट घराने के सीईओ नहीं हैं, जहां उनकी मर्जी ही कानून बन जाती है। उन्होंने कहा कि यदि वे प्रदेश को अपनी मर्जी से एक कंपनी की तरह चलाना चाहते हैं, तो इस कंपनी की सबसे बड़ी शेयरहोल्डर प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी को उसकी हैसियत बताने में देरी नहीं करेगी।