माता पिता का आशीर्वाद लेकर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण

माता पिता का आशीर्वाद लेकर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण


भोपाल में हजारों कार्यकर्ताओं ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर की अगवानी


प्रदेश अध्यक्ष ने महापुरूषों की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण


 


                भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश भर से आए हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी, प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व श्री वीडी शर्मा ने ग्वालियर में अपने माता पिता का आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात पदभार के लिए भोपाल रवाना हुए।


                श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को प्रातः ग्वालियर में अपने माता पिता का आशीर्वाद लिया और शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल रवाना हुए। यात्रा मार्ग में रेलवे स्टेशन पर बडी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जोश से लबरेज होकर नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया। भोपाल प्रदेश कार्यालय में प्रातः से ही स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो चुका था। दोपहर हबीबगंज स्टेशन पर हजारों कार्यकर्ताओं ने श्री विष्णुदत्त शर्मा का स्वागत कर अगवानी की। यहां से प्रदेश अध्यक्ष पार्टी नेताओं के साथ रैली के रूप में प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना हुए।


महापुरूषों के प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण


                हबीबगंज से रैली प्रदेश कार्यालय के समीप स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी प्रतिमा स्थल पर पहुंची। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री शिवराजसिंह चौहान ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। तत्पश्चात नेताद्वय ने डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से रैली के रूप में प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ बोर्ड आफिस चौराहा पहुंचकर श्री विष्णुदत्त शर्मा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से रैली के रूप में प्रदेश अध्यक्ष 6 एवं 7 नंबर होते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। रैली मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जगह जगह मंच बनाकर प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर निवृत्तमान प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद श्री प्रभात झा, केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर, श्री थावरचन्द्र गेहलोत, श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव, सासंद डॉ. सत्यनारायण जटिया, वरिष्ठ नेता श्री कप्तानसिंह सोलंकी, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, विधानसभा में मुख्य सचेतक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा का स्वागत किया। सभी नेताओं के साथ श्री वीडी शर्मा ने प्रदेश कार्यालय स्थित पं. दीनदयाल जी, कुशाभाउ ठाकरे, राजमाता जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।


प्रदेश अध्यक्ष कक्ष में पूजन कर किया पदभार ग्रहण


                नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री वीडी शर्मा ने कार्यालय स्थित प्रदेश अध्यक्ष कक्ष में पूजा कर श्री शिवराजसिंह चौहान, श्री नरेन्द्रसिंह तोमर, श्री राकेश सिंह, श्री कप्तानसिंह सोलंकी, श्री सुहास भगत सहित पार्टी नेताओं की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया। तत्पश्चात कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं के साथ सम्मिलित हुए।


 


Popular posts from this blog

मोदी जी के नेतृत्व में वैश्विक महाशक्ति बनेगा भारतः शर्मा

भाजपा कार्यकर्ताओं को पदाधिकारी बनाकर कैसे सशक्त होगी कांग्रेस ? : डॉ. अभिलाष पाण्डे

सड़क दुर्घटना में चार युवकों का निधन दुखदः विष्णुदत्त शर्मा